Latehar News: बंद छात्रावास निर्माण,मरम्मत पर एक करोड़ खर्च, नतीजा सिफर
Latehar News: बरवाडीह में बालिका छात्रावास के निर्माण में 25 साल पहले की गई योजना के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक खर्च किया जा चुका है। लेकिन विभागीय अधिकारी छात्रावास को चालू करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे इसमें हुई भारी राशि के व्यय पर सवाल उठने लगे हैं।

Latehar News: बरवाडीह, प्रतिनिधि। बरवाडीह मुख्यालय में निर्माण काल से बंद बालिका छात्रावास के निर्माण और रिपेयर आदि के नाम पर अब तक करीब एक करोड़ रुपए से भी अधिक का खर्च हो चुका है। लेकिन बावजूद छात्रावास के चालू कराने के प्रति विभागीय अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। छात्रावास के निर्माण और रिपेयर के औचित्य पर ही अब सवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, मनोज प्रसाद प्रसाद,बबलू प्रसाद आदि लोगों ने बताया कि करीब 25 साल पहले जब स्व 0 यमुना सिंह विधायक थे तब उन्होंने इस छात्रावास का निर्माण कराया था। उनकी सोच थी कि दूर दराज की गरीब बालिकाओं को पढ़ने के लिए आने जाने में जो काफी दिक्कत होती है, वह इस छात्रावास में रहकर आगे की पढ़ाई कर सके।
यमुना सिंह के चुनाव हारने के बाद छात्रावास चालू नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि इस छात्रावास का रिपेयर के नाम पर करीब 70 लाख खर्च किए। लाखों रुपए की बाउंड्री और सड़क का भी निर्माण कराया गया,लेकिन बावजूद यह छात्रावास बेकार की तरह पडा हुआ है। यानि कि यह छात्रावास अधिकारियों के लिए दुधारू गाय बन गया है,जिसके रिपेयर आदि के नाम पर लाखों रुपए की बंदरबांट हो रही है।


