दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, नवरंग चौक से स्टेशन तक हुई कार्रवाई
लातेहार में नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। नवरंग चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क किनारे अवैध सामान और ठेलों को हटाया गया, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी। यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।

लातेहार, प्रतिनिधि। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में नगर पंचायत क्षेत्र में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया गया। आम नागरिकों को सड़क जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर प्रबंधक, नगर पंचायत लातेहार के नेतृत्व में नवरंग चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए सामान, ठेले एवं अन्य सामग्री को हटाया गया। ऐसे सामानों को भी जब्त किया गया जिनके कारण आवागमन बाधित हो रहा था और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
संबंधित दुकानदारों एवं व्यवसायियों को भविष्य में सड़क किनारे किसी भी प्रकार का सामान नहीं रखने तथा सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का निर्देश दिया गया। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं दुकानदारों से अपील की गई है कि वे सड़क किनारे अनावश्यक सामान रखकर बिक्री न करें और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न होने दें। अभियान के दौरान दंडाधिकारी, पुलिस बल, नगर प्रबंधक, रेवेन्यू इंस्पेक्टर, फील्ड सुपरवाइजर, सेनेटरी सुपरवाइजर सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


