
जिला समाज कल्याण कार्यालय व बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
लातेहार में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग और बाल कल्याण समिति की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और चाइल्ड हेल्पलाइन पर चर्चा की गई। डीसी ने अधिकारियों को मानव तस्करी के मामलों में सक्रियता और आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लातेहार, संवाददाता। डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग, बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। बैठक में मिशन वात्सल्य व जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा के क्रम में डीसी ने बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानव तस्करी के तहत दर्ज हुए मामले एवं उनमें किए गए बच्चों के रेस्क्यू कार्य की जानकारी लेते हुए सक्रिय होकर कार्य करने को कहा गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को जमीनी स्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष परिस्थितियों में रह रहे किशोर-किशोरियों की सुरक्षा और उनके समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।समीक्षा के क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश देते हुए डीसी ने कहा की विभाग द्वारा जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही है उन सभी में लक्षित लक्ष्य के विरुद्ध शत प्रतिशत उपलब्धि को प्राप्त करें। उन्होने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन सुचारू रूप से संचालित हों। इसके साथ ही सेविका एवं सहायिका का शत प्रतिशत अटेंडेंस और 15 जनवरी तक रिक्त पदों पर नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित लाभुकों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंच सके। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




