नगर झखरा टांड़ सरना स्थल पर वार्षिक पूजा व झंडा बदली कार्यक्रम संपन्न

Newswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

चंदवा के चकला पंचायत के झखराटांड़ सरना स्थल पर वार्षिक सरना पूजा सह झंडा बदली कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इसमें सैकड़ों पड़हा समाज के लोग शामिल हुए। ग्राम प्रधान भुनेश्वर गंझू ने बताया कि यह सरना स्थल आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र है। ग्रामीणों ने भूमि की सुरक्षा के लिए प्रशासन से अपील की।

नगर झखरा टांड़ सरना स्थल पर वार्षिक पूजा व झंडा बदली कार्यक्रम संपन्न

चंदवा, प्रतिनिधि। प्रखंड के चकला पंचायत के नगर ग्राम स्थित झखराटांड़ सरना स्थल पर सोमवार को पारंपरिक आस्था और श्रद्धा के साथ वार्षिक सरना पूजा सह झंडा बदली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर ग्राम के पड़हा समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए और नगाड़ा व मांदर की थाप पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम प्रधान भुनेश्वर गंझू, पाहन साधु भोगता, पुजेर सुरेश उरांव तथा महतो सुरेंद्र उरांव ने किया। पूजा के उपरांत सरना स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार झंडा बदला गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सरना स्थल की भूमि को हर हाल में सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं जिले के उपायुक्त से सरना भूमि को संरक्षित करने की गुहार लगाई। ग्राम प्रधान भुनेश्वर गंझू ने बताया कि लगभग 1.42 एकड़ भूमि पर स्थित यह सरना स्थल आदिवासी पड़हा समाज की आस्था का केंद्र है, जहां पूर्वजों के समय से धार्मिक अनुष्ठान होते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जमीन की बंदोबस्ती कर दी गई है, जो चिंता का विषय है। इस संबंध में कई बार प्रशासन और सरकार को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गलत तरीके से की गई बंदोबस्ती को रद्द कर सरना स्थल की भूमि को सुरक्षित किया जाए। मौके पर श्यामवीर उरांव, संजय उरांव, नागेश्वर टाना भगत, नरेश उरांव, मूनेल उरांव, राम दास उरांव, रूपा देवी, दुअर मनी उरांव, मंजू उरांव, इंदु देवी, प्रमिला उरांव, संजीव कुमार गुरुजी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।