नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत कुजरुम गांव में आवश्यक सामग्री वितरण व चिकित्सा शिविर का आयोजन
32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने कुजरुम गांव में आवश्यक सामग्री वितरण और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 230 ग्रामीणों को लाभ हुआ, जिसमें खेल सामग्री, कृषि उपकरण, और स्वास्थ्य सेवाएं शामिल थीं। उपमहानिरीक्षक ने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
लातेहार प्रतिनिधि। 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने गारू प्रखंड के कुजरुम गांव में आवश्यक सामग्री वितरण एवं मानव तथा पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। उच्च मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में यह कार्यक्रम बुधवार को डी समवाय, नवाटोली कार्यक्षेत्र अंतर्गत कुजरुम गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मानवेन्द्र, उपमहानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल गयाजी के कुशल मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कंबल एवं छाता, लघु एवं सीमांत किसानों के लिए कृषि उपकरण तथा ग्रामीण युवाओं व बच्चों को खेल प्रतिभा के प्रोत्साहन हेतु खेलकूद सामग्री का वितरण किया गया।
इसके साथ ही ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधा के लिए मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर निःशुल्क दवार्इयां प्रदान की गईं। वहीं पशुधन के संरक्षण एवं उपचार के लिए पशु चिकित्सा शिविर में पशुओं की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इस अवसर पर डीसी उत्कर्ष गुप्ता,कमांडेंट राजेश सिंह, एसपी कुमार गौरव, जिला परिषद प्रतिनिधि, प्रखंड एवं अंचल प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि,सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम से महुआटांड़ प्रखंड के कुजरुम, लाटू सहित आसपास के गांवों के कुल 230 जरूरतमंद ग्रामीण एवं युवा लाभान्वित हुए। मानव चिकित्सा शिविर में 92 मरीजों तथा पशु चिकित्सा शिविर में 34 पशु स्वामियों के 180 पशु/मवेशियों की जांच कर निःशुल्क दवाएं दी गईं। उपमहानिरीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अंत में 32वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल ने भविष्य में भी ऐसे नागरिक कल्याण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया। फोटो- 11- बुधवार को कुजरुम गांव में आयोजित आवश्यक सामग्री वितरण व चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करते पदाधिकारी व अन्य

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




