प्रमंडलीय आयुक्त ने चंदवा अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

Newswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने मंगलवार को चंदवा अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

प्रमंडलीय आयुक्त ने चंदवा अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

चंदवा, प्रतिनिधि। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने मंगलवार को चंदवा अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों, पंजियों एवं दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया और कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, तत्परता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त ने विशेष रूप से लंबित प्रमाण पत्रों, दाखिल-खारिज मामलों तथा अन्य राजस्व संबंधी आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि आम जनता को समयबद्ध सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्य निष्पादन की प्रक्रिया पर भी संतोषजनक सुधार की आवश्यकता जताई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और गंभीरता बरती जाए तथा हर आवेदन को निर्धारित समयसीमा के भीतर निपटाया जाए। राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ठोस एवं प्रभावी रणनीति अपनाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर परिणाम सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सीओ सुमित कुमार जहाँ समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।