Kodarma News: केटीपीएस में मेंटेनेंस कंपनी के कामगारों की हड़ताल, मांगों को लेकर जताया आक्रोश
Kodarma News: जयनगर में डीवीसी केटीपीएस में मेंटेनेंस कार्य कर रहे मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर दी है। मजदूरों ने कहा कि उनकी मेहनत के बावजूद प्रबंधन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। जिला सचिव छोटू कुमार यादव ने मजदूरों के समर्थन में आकर उनके मुद्दों को उठाया और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Kodarma News: जयनगर , निज प्रतिनिधि। डीवीसी केटीपीएस में मेंटेनेंस कार्य कर रही कंपनी के कामगारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर दी है। हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने कहा कि वे खून-पसीना बहाकर काम करते हैं। उनकी मेहनत के कारण डीवीसी के पूरे निगम में केटीपीएस का प्रदर्शन बेहतर रहता है, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों की समस्याओं और मांगों की अनदेखी की जा रही है। हड़ताल की जानकारी मिलने पर जिला सचिव छोटू कुमार यादव मजदूरों के समर्थन में पहुंचे और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रबंधन और कंपनी की मिलीभगत से मजदूरों का शोषण किया जा रहा है।
प्रत्येक माह मानदेय का भुगतान समय पर नहीं होने से मजदूरों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब मजदूरों को न्याय नहीं मिलता है तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाते हैं। मजदूरों को गेट पास रद्द करने की धमकी दिए जाने की बात भी उन्होंने कही।

