सतगावां में हाथियों का तांडव, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश
सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। हाथियों ने गजहड़ गांव में एक घर को क्षतिग्रस्त किया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने वन विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई और हाथियों के आतंक से निजात की मांग की।

सतगावां, निज प्रतिनिधि। सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने गजहड़ गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, हाथियों ने गजहड़ गांव निवासी सुनील राय (40) के घर को निशाना बनाया। हाथियों ने घर की दीवार तोड़ दी और अंदर रखे गेहूं, चावल, दाल तथा आलू समेत खाद्यान्न को नुकसान पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
घटना की सूचना
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी। आरोप है कि विभागीय टीम काफी देर से मौके पर पहुंची, जिसके बाद हाथियों को गांव से खदेड़ा गया। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नहीं है। स्थानीय निवासी सरवन रविदास, देवानंद प्रसाद और बबलू प्रसाद समेत कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से टॉर्च, पटाखे या अन्य सुरक्षा सामग्री तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से हाथियों का झुंड कटैया पंचायत के विभिन्न गांवों में लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। इस क्षेत्र में हाथियों के हमले में एक युवक की मौत भी हो चुकी है। घटना के विरोध में दो बार सड़क जाम किया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया.
भय का माहौल
रामबचन प्रसाद और राजेंद्र राय ने कहा कि शाम होते ही पूरे इलाके में भय का माहौल बन जाता है। किसानों और मजदूर परिवारों को अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर रातभर जागना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का मुआवजा देने और हाथियों के आतंक से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


