सीएच स्कूल रोड पानी टंकी से पांच दिनों से ठप है सप्लाई, हजारों लोग बेहाल

सीएच स्कूल रोड पानी टंकी से पांच दिनों से ठप है सप्लाई, हजारों लोग बेहाल

संक्षेप:

झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। वार्ड संख्या 7 से 10 के हजारों घरों में पानी का संकट बढ़ गया है। लोग पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं। वार्ड...

Oct 07, 2025 01:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share

कोडरमा, वरीय संवाददाता। झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र के सीएच स्कूल रोड स्थित पानी टंकी से पिछले पांच दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। इस कारण वार्ड संख्या 7, 8, 9 और 10 के हजारों घरों में पानी का संकट गहरा गया है। लोग पीने से लेकर दैनिक जरूरतों तक के लिए पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। स्थिति यह है कि लोग बाजार से बोतलबंद या टैंकर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। रोजाना जलापूर्ति की आस में नलों पर बाल्टी और ड्रम रखे जा रहे हैं, लेकिन नल सूखे पड़े हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। इधर, वार्ड पार्षद पिंकी जैन ने जलापूर्ति विभाग के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर से बात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि स्टेबलाइजर और अन्य मशीनों में तकनीकी खराबी आने के कारण जलापूर्ति बाधित हो गई है। विभाग की टीम इसे ठीक करने में जुटी है और जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे संबंधित कार्यालय का घेराव करेंगे। जल संकट के चलते इन इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।