Kodarma News: विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करें, गुणवत्ता से न हो समझौता : उपायुक्त
Kodarma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिले में लंबित विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से प्राप्त स्थिति की समीक्षा की जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Kodarma News: कोडरमा, वरीय संवाददाता। जिले में लंबित विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अनटाइड फंड, डीएमएफटी, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपी लैड) तथा विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमएलए लैड) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समीक्षा में भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, विशेष प्रमंडल, लघु सिंचाई विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा संचालित सड़क, गार्डवॉल, बाउंड्री वॉल तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत सभी योजनाओं को इसी वित्तीय वर्ष के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


