कोडरमा घाटी में दो ट्रकों की टक्कर में दो लोग घायल
कोडरमा घाटी में एक दुर्घटना में दो ट्रकों के बीच टक्कर हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना नौवांमाइल के पास हुई, जब एक प्लाई लदा ट्रक कोयले के ट्रक से टकरा गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जबकि कोडरमा घाटी में ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। कोडरमा घाटी में हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-20) पर स्थित नौवांमाइल के पास रविवार की सुबह भी दो ट्रकों के बीच टक्कर हो गई, इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कोयला लदा एक ट्रक रामगढ़ से कोडरमा घाटी होते हुए बिहार की ओर जा रहा था। उसके पीछे-पीछे प्लाई लदा एक अन्य ट्रक बिहार की ओर ही जा रहा था। इसी दौरान घाटी के नौवांमाइल के पास ढलान पर प्लाई लदे ट्रक के चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज ढलान के कारण ब्रेक नहीं लग सका और ट्रक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे कोयला लदे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर
इतनी तेज थी कि कोयला लदा ट्रक सड़क के किनारे पलट गया, जबकि प्लाई लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में प्लाई ट्रक के चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बिहार के बरबीघा निवासी 22 वर्षीय सुधीर कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, कोयला लदे ट्रक के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गौरतलब है कि कोडरमा घाटी क्षेत्र में आए दिन इस तरह के सड़क हादसे होते रहते हैं। खासकर नौवां माइल और जमसोती नाला के बीच दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। प्रशासन द्वारा प्रयास किए जाने के बावजूद हादसों में कमी नहीं आ रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


