सेक्टर व पुलिस पदाधिकारी दायित्वों का सही से करें पालन: उपायुक्त
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेक्टर और पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। बैठक में उपायुक्त ऋतुराज ने निर्वाचन कार्यों की योजना पर चर्चा की। मतदान पूर्व सभी आवश्यकताएँ सुनिश्चित की जाएँगी, जैसे कि मतदान केन्द्रों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सेक्टर एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेक्टर एवं पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों का विस्तृत अनुश्रवण किया गया। उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन अधिसूचना जारी होने के एक सप्ताह के भीतर सेक्टर पदाधिकारियों को वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि संचार योजना सहित निर्वाचन संबंधी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। मतदान पूर्व सेक्टर पदाधिकारी मतदान केन्द्रों तक जाने वाले मार्गों, मूलभूत सुविधाओं, संचार साधनों एवं मतदान केन्द्रों की भौतिक स्थिति की जांच करेंगे।
संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर मतदाताओं में विश्वास का वातावरण बनाना, दबाव या धमकी से प्रभावित क्षेत्रों व व्यक्तियों की पहचान कर प्रतिवेदन देना तथा मतदाताओं की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना भी सेक्टर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। मतदान की पूर्व संध्या पर सभी मतदान दलों, मतदान सामग्री एवं सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित कर नियंत्रण कक्ष को खैरियत प्रतिवेदन भेजा जाएगा। मतदान के दिन मतदान प्रारंभ होने की सूचना, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी, मतदान प्रतिशत की रिपोर्टिंग, शिकायतों का त्वरित निपटारा एवं मतदान प्रक्रिया का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक भ्रमण एवं मतदान दिवस की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर, प्रशिक्षु सुदीप सहाय सहित प्रतिनियुक्त सेक्टर एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




