गर्मी छुट्टी और लगन का असर, लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट के सारे प्रयास बे-असर

हिन्दुस्तान, कोडरमा
Follow us on Google News
share

कोडरमा स्टेशन पर तत्काल टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। गर्मी की छुट्टियों और शादी-विवाह के कारण ट्रेन की बुकिंग पर दबाव बढ़ गया है। विशेषकर अहमदाबाद, अमृतसर और जम्मू रूट पर सीटें फुल हैं। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए भी स्थिति चुनौतीपूर्ण है। यात्रियों को अब स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है।

गर्मी छुट्टी और लगन का असर, लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट के सारे प्रयास बे-असर

कोडरमा, हिन्दुस्तान टीम कोडरमा स्टेशन से वैसे तो अन्य दिन भी ट्रेनों में तत्काल टिकट मिलना टेढ़ी खीर है। इसके पीछे का कारण यहां के रेलवे के अधिकारी से लेकर जीआरपी और आरपीएफ सब जानती है, मगर आजतक कार्रवाई नहीं हुई। खैर, फिलहाल गर्मी की छुटियों और शादी-विवाह के सीजन ने रेलयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। कोडरमा के निजी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू होने वाला है, जबकि 22 मई से सरकारी स्कूलों में भी छुट्टियां पड़ेंगी। छुट्टियों को देखते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के साथ घूमने-फिरने और रिश्तेदारी में जाने की योजना बना ली है। इसका सीधा असर ट्रेनों की बुकिंग पर देखने को मिल रहा है। कोडरमा होकर गुजरनेवाली वाली लंबी दूरी की लगभग सभी ट्रेनों में अगले दो महीनों तक सीटें फुल हो चुकी हैं। सुबह आठ बजे जैसे ही अगले 60 दिनों की बुकिंग विंडो खुलती है, कुछ ही समय में सीटें भर जा रही हैं。

तत्काल टिकट मिलने का सवाल ही नहीं

कोडरमा स्टेशन से तत्काल टिकट मिलने का सवाल ही नहीं है। इसके पीछे कई कारण हैं। अगर रेलवे के पदाधिकारी इस पर नजर डालेंगे तो कारण भी पता चल जाएगा। फिलहाल पर्यटन स्थलों के साथ-साथ धार्मिक यात्राओं के लिए जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ है। महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। रेलवे यात्रियों का कहना है कि समर वेकेशन के साथ-साथ विवाह के शुभ मुहूर्त भी लगातार बने रहने के कारण ट्रेनों में दबाव और बढ़ गया है। मई के बाद जून और जुलाई में भी कई शुभ तिथियां होने से 12 जुलाई तक ट्रेनों में भीड़ बनी रहने की संभावना है।

अहमदाबाद, अमृतसर और जम्मू रूट पर सबसे ज्यादा दबाव

कोडरमा होकर गुजरने वाली अहमदाबाद, अमृतसर और जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक मारामारी है। हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, आसनसोल-भावनगर पारसनाथ एक्सप्रेस, कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस और कोलकाता-गांधीधाम गरवा एक्सप्रेस में अधिकांश दिनों में ‘नो रूम’ की स्थिति है। इसी तरह कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस में चार जुलाई तक बुकिंग फुल है। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस में पूरे जून महीने सीट उपलब्ध नहीं है।

दिल्ली जाने वालों को स्पेशल ट्रेनों का सहारा

दिल्ली रूट पर भी स्थिति कम चुनौतीपूर्ण नहीं है। कालका मेल में पांच जुलाई तक लगभग सभी श्रेणियों में सीटें बुक हो चुकी हैं। पूर्वा एक्सप्रेस में भी बुकिंग खुलते ही सीटें भर जा रही हैं। हावड़ा राजधानी और सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में भी अधिकांश दिनों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। जालियावाला बाग एक्सप्रेस में तीन जुलाई तक बुकिंग फुल बताई जा रही है। रेल यात्रियों को अब अतिरिक्त या स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है, ताकि छुट्टियों और शादी सीजन में सफर आसान हो सके। अगर आप तत्काल लेने की सोच रहे हैं तो वह कोडरमा स्टेशन से मिलने से रहा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

कोडरमा स्टेशन पर तत्काल टिकट क्यों नहीं मिल रहा है?
कोडरमा स्टेशन से तत्काल टिकट मिलने का सवाल ही नहीं है। इसके पीछे कई कारण हैं, जैसे गर्मी की छुट्टियों और विवाह के शुभ मुहूर्त का होना।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।