मरकच्चो में कार की चपेट में आकर बच्ची गंभीर, चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
मरकच्चो प्रखंड में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची जाहिदा नाज गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची सड़क किनारे खड़ी थी, तभी कार ने उसे टक्कर मारी। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और बच्ची को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया।

मरकच्चो, निज प्रतिनिधि। मरकच्चो प्रखंड के बरियारडीह मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। भारती उच्च विद्यालय, नावाडीह के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक नौ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान नावाडीह निवासी मो. जाहिद उर्फ लल्लू मियां की पुत्री जाहिदा नाज के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बरियारडीह की ओर से आ रही एक वैगनआर कार ने ओवरटेक करने के क्रम में नियंत्रण खो दिया और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नावाडीह पेट्रोल पंप के समीप कार को ओवरटेक कर पकड़ लिया। इधर, घायल बच्ची को आनन-फानन में निजी वाहन से बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। परिजनों के मुताबिक बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


