अतिक्रमण से संकीर्ण हुआ झंडा चौक और स्टेशन रोड, रोज जाम से जूझ रहे लोग
झुमरीतिलैया के प्रमुख बाजार को स्टेशन से जोड़नेवाली सड़क अतिक्रमण के कारण संकीर्ण हो गई है। झंडा चौक से स्टेशन तक का इलाका जाम से त्रस्त है। स्थानीय लोग सड़क की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मार्ग से हजारों लोग रोज गुजरते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति बदहाल है।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। झुमरीतिलैया के प्रमुख बाजार को स्टेशन से जोड़नेवाली सड़क झंडा चौक से स्टेशन रोड अतिक्रमण के कारण संकीर्ण हो गई है। झंडा चौक से स्टेशन तक का इलाका जाम के झाम से त्रस्त है। लोग बेहाल हैं। व्यवसाय चौपट हो रहा है। मगर देखने और सुननेवाला कोई नहीं। रोड की खराब स्थिति से स्थानीय लोग, कारोबारी, स्कूली बच्चे और राहगीर सभी परेशान हैं। यह कोडरमा स्टेशन को जोड़नेवाला मुख्य मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इस रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। इसके बावजूद सड़क की हालत बदहाल है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, बीच सड़क से बिजली के ट्रांसफॉर्मर हटाने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
लोगों ने कहा कि इस मार्ग का विकास कार्य लंबे समय से रुका हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है। यहां आवारा पशुओं और कुत्तों का भी आतंक है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो गया है। इससे वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है। स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों और अभिभावकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। शाम में बाजार में बाहरी लोगों की भीड़ बढ़ने पर जाम और लंबा हो जाता है। कई बार पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी और आपसी समन्वय की कमी के कारण स्टेशन रोड की यह स्थिति हो गई है। लोगों ने बताया कि हजारों की आबादी इस सड़क से त्रस्त है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रोड पर जाम लगने के बाद इन मार्गों से निकलना मुश्किल हो जाता है। यहां लगा जाम न केवल लोगों को फंसे रहने के लिए मजबूर करता है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों जैसे सामान की सप्लाई और इससे जुड़े जरूरी परिवहन को भी प्रभावित करता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


