थाना पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे एसपी, दूरदराज के फरियादियों को मिलेगी राहत
कोडरमा एसपी कुमार शिवशीष ने जनता की समस्याओं को सुनने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब एसपी विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर जनसुनवाई करेंगे, जिससे आम लोगों को शिकायतें दर्ज कराने के लिए कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। यह पहल पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मददगार साबित होगी।

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। कोडरमा एसपी कुमार शिवशीष ने दूरदराज के क्षेत्रों से आनेवाले फरियादियों की समस्याओं को देखते हुए एक नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। अब आम लोगों को अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय आने की बजाय एसपी स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर जनसुनवाई करेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
जनता की समस्याएं
एसपी ने बताया कि उनके कार्यालय में आने वाले कई फरियादी सतगावां, मरकच्चो, जयनगर समेत जिले के सुदूरवर्ती गांवों से अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की होती है, जिन्हें बस, ऑटो या अन्य साधनों से छोटे-छोटे बच्चों के साथ लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सुबह घर से निकलने के बाद उन्हें शाम तक लौटना पड़ता है, जिससे समय, श्रम और धन तीनों की हानि होती है। साथ ही तेज धूप, बारिश और दिनभर की आजीविका प्रभावित होने जैसी कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एसपी ने निर्णय लिया है कि अब वे स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर आम जनता से सीधे संवाद करेंगे, उनकी शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। एसपी ने बताया कि आगे भी प्रत्येक सप्ताह जिले के विभिन्न थानों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जा सके। यह पहल पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों को उनके क्षेत्र में ही न्याय और सुनवाई की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जनसुनवाई कार्यक्रम की तिथियां
चार जून 2026 (बृहस्पतिवार) - सुबह 11:30 बजे से सतगावां थाना
11 जून 2026 (बृहस्पतिवार) - सुबह 11:30 बजे से मरकच्चो थाना
18 जून 2026 (बृहस्पतिवार) - सुबह 11:30 बजे से जयनगर थाना
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


