
जिले में चला “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” जागरुकता अभियान
कोडरमा में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ' अभियान शुरू किया गया। डीटीओ विजय कुमार सोनी के नेतृत्व में चौक-चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। चालकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई और नियमों का पालन करने की अपील की गई।
कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान के तहत गुरुवार को जिले में व्यापक जागरुकता कार्यक्रम चलाया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) विजय कुमार सोनी के नेतृत्व में कोडरमा के मुख्य चौक-चौराहों पर यह अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार यह अभियान तीन से नौ नवंबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान डीटीओ ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं और सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें।
वाहन की गति नियंत्रण में रखें और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएँ। इस मौके पर चालकों के बीच “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” थीम पर आधारित पंपलेट और बुकलेट का वितरण किया गया। साथ ही डोमचांच और नवलशाही थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों की काउंसलिंग की गई। डीटीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी वाहन चालकों को जागरूक होना आवश्यक है। इस अभियान में रोड सेफ्टी टीम और पुलिस के जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




