बिजली तार की कीमतें बढ़ने से लग रहा झटका

Newswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share

कोडरमा में तांबे की कीमतों में वृद्धि के कारण इलेक्ट्रिकल तारों की कीमतों में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। इससे घर बनाने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि कच्चे माल की कीमतें नहीं घटती हैं, तो बाजार में और भी वृद्धि हो सकती है।

 बिजली तार की कीमतें बढ़ने से लग रहा झटका

कोडरमा, वरीय संवाददाता। जंग की तपिश का असर बिजली के तार पर भी दिखने लगा है। इसके कारण आम लोगों को घर बनाने में परेशानी आ रही है। झुमरीतिलैया के तिलैया थाना के करीब स्थित एक दुकानदार ने बताया कि सभी कंपनियों के तार की कीमतों में 10 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर बाजार पर पड़ा है और अन्य कंपनियों ने भी इसी राह पर चलते हुए अपने उत्पाद महंगे कर दिए हैं। तांबा नहीं आने से बढ़ी कीमत : वायर की कीमतों में वृद्धि की सबसे बड़ी वजह तांबे के दामों में तेजी है। तार निर्माण में तांबा प्रमुख कच्चा माल होता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों में उछाल आने से घरेलू बाजार भी प्रभावित हुआ है।

अगर तांबे के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले महीनों में वायर और भी महंगे हो सकते हैं। दुकानदारों के अनुसार, ग्राहकों की संख्या घट गई है। कॉपर तार काफी महंगे हो गए हैं। ठेकेदार पहले की तुलना में कम माल लेकर जा रहे हैं।बाजार में स्थिरता की उम्मीद कम: कोडरमा और झुमरीतिलैया के व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में स्थिरता की उम्मीद कम है। यदि कच्चे माल की कीमतों में गिरावट नहीं आती, तो आने वाले समय में और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे न सिर्फ घर बनाने वालों पर असर पड़ेगा, बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर की रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है। बड़े-बड़े अपार्टमेंट में लाखों के इलेक्ट्रिक सामान की खरीदारी होती है। जहां निर्माण कार्य पूरा हो चुका है वायरिंग करानी है, लेकिन फिलहाल काम रोक दिया गया है।खर्च बढ़ने से परेशान हो रहे लोग : कोडरमा में बड़ी संख्या में लोग अपनी बचत या लोन लेकर घर बनाते हैं। ऐसे में लागत बढ़ने से या तो निर्माण कार्य अधूरा छोड़ना पड़ रहा है या फिर लोगों को अपने बजट में कटौती करनी पड़ रही है। कई लोग अब सस्ते विकल्पों की तलाश में हैं, लेकिन इससे गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।