सतगांवा में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, एक अभियुक्त गिरफ्तार
कोडरमा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अभियुक्त सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो मोबाइल से सट्टा चला रहा था। उसके पास से कई एटीएम कार्ड, चेकबुक और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। जिले में ऑनलाइन सट्टा एवं साइबर अपराध गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसपी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सतगावां थाना क्षेत्र के ग्राम मामाटोला (बासोडीह) निवासी सुभाष कुमार अपने नए घर बलीमहरी (बासोडीह) में मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा का धंधा कर रहा था। सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुभाष कुमार, उम्र 24 वर्ष, पिता उमेश प्रसाद यादव, निवासी ग्राम मामा टोला, बासोडीह, थाना सतगांवा, जिला कोडरमा के रूप में हुई। तलाशी के क्रम में अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, तीन चेकबुक, दो सिम कार्ड तथा विभिन्न बैंकों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।
जब्त मोबाइल की जांच करने पर पैसों के लेन-देन से संबंधित स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप चैट एवं ऑनलाइन सट्टा से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य पाए गए। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेम एवं क्रिकेट मैच में सट्टा करता था और इस नेटवर्क में ब्रोकर की भूमिका निभा रहा था। इस अवैध गतिविधि में संदीप यादव एवं निवास कुमार सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने अभियुक्त सुभाष कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




