कोडरमा के बाजार में बढ़ी प्याज की आवक, नहीं मिल रहे दाम

Apr 06, 2026 12:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share

कोडरमा में युद्ध के कारण प्याज की सप्लाई बाधित होने से स्थानीय बाजारों में प्याज की अधिक आवक हो रही है। नासिक और पश्चिम बंगाल से प्याज की भारी आवक के चलते कीमतों में गिरावट आई है। अगले 15 दिनों में स्थानीय क्षेत्रों से भी प्याज की आवक बढ़ने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

कोडरमा के बाजार में बढ़ी प्याज की आवक, नहीं मिल रहे दाम

कोडरमा, वरीय संवाददाता। जंग की तपिश का असर अब स्थानीय बाजारों पर भी दिखने लगा है। युद्ध के कारण खाड़ी देशों में भारत से प्याज की सप्लाई बाधित हो गई है, इससे देश के भीतर ही प्याज की उपलब्धता बढ़ गई है। इसका सीधा असर कोडरमा की थोक और खुदरा मंडियों पर देखने को मिल रहा है।कोडरमा और झुमरीतिलैया के सब्जी मंडी में इन दिनों महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से प्याज की भारी आवक हो रही है। नासिक की गुलाबी और बंगाल की कत्थई प्याज से बाजार भरा हुआ है। प्रतिदिन 50 टन से अधिक प्याज मंडी में पहुंच रही है।

आवक अधिक होने के कारण कीमतों में गिरावट आई है। थोक बाजार में नासिक की प्याज 16 से 17 रुपए प्रति किलो और बंगाल की प्याज 10 रुपए प्रति किलो बिक रही है। वहीं खुदरा बाजार में नासिक की प्याज 20 से 25 रुपए और बंगाल की 15 से 20 रुपए प्रति किलो मिल रही है।अगले 15 दिनों में स्थानीय क्षेत्रों से भी प्याज की होगी आवकझुमरीतिलैया के व्यापारियों का कहना है कि अगले 15 दिनों में स्थानीय क्षेत्रों से भी प्याज की आवक शुरू हो जाएगी, जिससे कीमतों में और गिरावट की संभावना है। इस स्थिति को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। अधिक आवक के कारण कीमतें लगातार गिर रही हैं, जिससे स्थानीय किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने की संभावना कम होती जा रही है। पिछले साल की तुलना में इस बार कोडरमा के बाजार में प्याज की आवक ज्यादा और कीमत कम है। पिछले वर्ष इसी समय नासिक की प्याज 25 रुपए प्रति किलो से अधिक थी, जबकि इस बार कीमत काफी नीचे है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में बाजार में कीमतों में और गिरावट हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।