फ्रेट कॉरिडोर से बनेगी नई पहचान, तीन रेललाइनों से होगी कनेक्टिविटी
कोडरमा में एक नया रेल जंक्शन जल्द ही बनेगा, जो धनबाद और डीडीयू रेल मंडल के बीच स्थित होगा। इस जंक्शन का निर्माण लगभग सात अरब रुपये की लागत से किया जाएगा, जिससे रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा। यह झारखंड के धनबाद क्षेत्र से कोयले की ढुलाई को भी तेज करेगा।

कोडरमा। हमारे प्रतिनिधि। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के अंतर्गत धनबाद रेल मंडल और डीडीयू (पं. दीनदयाल उपाध्याय) रेल मंडल के बीच बनने वाला नया रेल जंक्शन जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन से जुड़ा यह जंक्शन कोडरमा-गया-सासाराम रेल मार्ग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से इस जंक्शन के निर्माण पर लगभग सात अरब रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत आरएफओ और आरओआर परियोजना के तहत अधोसंरचना विकसित की जा रही है। यह जंक्शन वाया सोननगर-जपला, कोडरमा-गयाजी-हावड़ा तथा पीडीडीयू-दिल्ली रेल लाइन को आपस में जोड़ने का काम करेगा, जिससे यात्रियों और माल परिवहन दोनों को सुविधा मिलेगी।रेल
अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग का दोहरीकरण पूरा होने के बाद झारखंड के धनबाद क्षेत्र से निकलने वाले कोयले की ढुलाई और तेज व सुगम हो जाएगी। इससे विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और प्लांटों की उत्पादन क्षमता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।बताया जा रहा है कि दूसरी लाइन को डीएफसीसीआईएल (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) रेल लाइन से भी जोड़ा जाएगा, जो विशेष रूप से मालवाहक ट्रेनों के संचालन के लिए बनाई गई है। इससे मालगाड़ियों की आवाजाही और भी अधिक सुचारु हो सकेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


