दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, दो माह के मासूम को छोड़ गई मां
जयनगर के नवादा गांव में 23 वर्षीय विवाहिता कोशिला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जयनगर, निज प्रतिनिधि। जयनगर थाना क्षेत्र के सतडीहा पंचायत अंतर्गत नवादा गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महज 23 वर्षीया विवाहिता कोशिला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका दो माह के मासूम बच्चे की मां थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की पहचान कोशिला कुमारी, पति अजीत यादव, निवासी नवादा गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि कोशिला की शादी 28 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी।
शादी के कुछ ही महीनों बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।मृतका के भाई कुलदीप यादव ने आरोप लगाया कि शादी के समय 8.5 लाख रुपये दहेज तय हुआ था, जिसमें 1.5 लाख रुपये बाकी था। उन्होंने बताया कि हाल ही में 85 हजार रुपये देने के बावजूद उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह अचानक कोशिला के मोबाइल से किसी युवक का फोन आया, जिसने केवल इतना कहा कि “आपकी बहन की मौत हो गई है।” इसके बाद फोन काट दिया गया और मोबाइल बंद हो गया। यह खबर सुनते ही मायके पक्ष में चीख-पुकार मच गई। जब परिजन नवादा गांव पहुंचे तो घर के बरामदे में खटिया पर कोशिला का शव पड़ा मिला। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। मायके वालों का आरोप है कि कोशिला की गला दबाकर हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि मृतका के गले पर निशान थे, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि कोशिला अपने पीछे दो माह का मासूम बच्चा छोड़ गई है, जो अब मां की ममता से हमेशा के लिए वंचित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना के एसआई प्रतीत टोपनो एवं एसआई केडी प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा फरार ससुराल पक्ष की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


