सुभाष राणा की हत्या की जांच के लिए टीम गठित, सीआईडी की भी हो सकती है इंट्री

Jan 17, 2026 11:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share Share
Follow Us on

जयनगर में सुभाष राणा की हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है। झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और न्याय की मांग की। उन्होंने पुलिस की प्रारंभिक जांच पर सवाल उठाते हुए नई एसआईटी की मांग की, ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

सुभाष राणा की हत्या की जांच के लिए टीम गठित, सीआईडी की भी हो सकती है इंट्री

जयनगर, निज प्रतिनिधि। पिपचो बाजार के समीप बेको निवासी सुभाष राणा की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव मृतक के घर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मृतक की पत्नी एवं माता-पिता से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहें, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि सुभाष राणा हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच पर सवाल उठाते हुए पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस ने प्रथम दृष्टया ही इस घटना में तीन लोगों की संलिप्तता स्वीकार की है, इसके बावजूद जांच की दिशा संदेह के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी के बयान को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ऐसी स्थिति में अपराधियों का मनोबल बढ़ सकता है और वे किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। डीएसपी पर भरोसा नहीं, दूसरे अधिकारी करेंगे जांच झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने शनिवार को कोडरमा समाहरणालय परिसर स्थित एसपी कार्यालय में एसपी अनुदीप सिंह से मुलाकात की। यादव ने मांग करते हुए अवगत कराया है कि इस मामले से वर्तमान डीएसपी को हटाकर किसी अन्य अधिकारी के नेतृत्व में नई एसआईटी का गठन कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि कोई भी दोषी बच न सके। उन्होंने कहा कि अत्यधिक हड़बड़ी में दी जा रही क्लीन चिट लोगों के आक्रोश का कारण बन रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें कोडरमा के पुलिस अधीक्षक पर पूरा भरोसा है, लेकिन यदि जांच में किसी भी प्रकार की कमी पाई जाती है तो वे झारखंड सरकार से एसआईटी गठन की अनुशंसा करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर मामले की जांच सीआईडी से भी कराई जाएगी। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष इस्लाम अंसारी, महावीर यादव, बलदेव यादव, भीम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।