Hindi NewsJharkhand NewsKodarma NewsMurder Allegations in Road Accident Case of 22-Year-Old in Domchanch
डोमचांच में हादसे में युवक की मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

डोमचांच में हादसे में युवक की मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

संक्षेप:

डोमचांच के बगडो गांव में 22 वर्षीय रामबचन साव की सड़क हादसे में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने इसे हत्या का मामला मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मृतक की मां ने उसके दोस्त राहुल कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Jan 02, 2026 06:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share Share
Follow Us on

डोमचांच, निज प्रतिनिधि। डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगडो गांव में बुधवार रात 22 वर्षीय रामबचन साव की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में मृतक की मां भीखनी देवी ने डोमचांच थाना में लिखित आवेदन देकर रामबचन के दोस्त राहुल कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार, रामबचन साव को उसका दोस्त राहुल कुमार पिकनिक के बहाने अपने साथ ले गया था। देर रात राहुल ने परिजनों को सूचना दी कि रामबचन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सूचना मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पिकनिक के दौरान किसी विवाद या पूर्व नियोजित साजिश के तहत रामबचन की हत्या की गई और बाद में मामले को सड़क हादसे का रूप दिया गया। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां संदेहास्पद हैं तथा राहुल कुमार की भूमिका की गहन जांच आवश्यक है। घटना के बाद से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। इस संबंध में डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि मृतक की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की स्थिति और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।