जयनगर से विवाहिता पुत्र संग लापता, थाने में गुमशुदगी का आवेदन
जयनगर से एक विवाहिता महिला सहनाज खातून अपने छोटे बेटे के साथ लापता हो गई है। पति ने थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। महिला ने राशन लाने की बात कहकर घर छोड़ा था, लेकिन लौटकर नहीं आई। पति ने पुलिस से शीघ्र खोजबीन की गुहार लगाई है।

जयनगर, निज प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र से एक विवाहिता महिला अपने छोटे बेटे के साथ लापता हो गई है। इस संबंध में महिला के पति ने थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार ककरचोली निवासी अकबर अंसारी ने आवेदन में बताया है कि उनकी पत्नी सहनाज खातून मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे राशन लाने की बात कहकर घर से निकली थी। राशन लेने के बाद उसने अपने बड़े पुत्र को राशन देकर घर भेज दिया, जबकि वह अपने छोटे पुत्र को साथ लेकर कहीं चली गई।पति के अनुसार देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सहनाज खातून एक निजी कंपनी से जुड़ी हुई थी, जहां वह ग्रामीणों से पैसे जमा कर बैंक के माध्यम से भेजने का काम करती थी। बताया गया है कि 6 अप्रैल को वह अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़कर, आधार कार्ड, बैंक खाते से जुड़े कागजात और कपड़े लेकर निकली थी। घटना को लेकर पति ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से पत्नी और बच्चे की शीघ्र खोजबीन की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


