
तिलोकरी में जलापूर्ति योजना को लेकर मंथन, जलापूर्ति बहाल करने पर जोर
बैठक में शामिल लोग। जयनगर, निज प्रतिनिधि प्रखंड के पिपचो स्थित बाबा धाम शेड में सोमवार को जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत तिलोकरी बहु ग्राम
जयनगर, निज प्रतिनिधि। प्रखंड के पिपचो स्थित बाबा धाम शेड में सोमवार को जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत तिलोकरी बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत तिलोकरी, पिपचो, बेको और रूपायडीह गांवों में बंद पड़ी स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को पुनः चालू करना था। बैठक में मौजूद जलसहियाओं ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद रहने के कारण ग्रामीण जलकर जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे उन्हें ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि जलकर वसूली से पहले सभी गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए।
मौके पर मुखिया गणपत यादव ने कहा कि योजना पहले नियमसंगत तरीके से नहीं चल पाई, जिसके कारण जलकर वसूलने में कठिनाई हो रही है। पिपचो मुखिया रामेश्वर यादव ने सभी पंचायतों के गांवों में समानुपातिक रूप से शुद्ध पेयजल आपूर्ति की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि किसी एक गांव में पानी देने से अन्य गांवों में असंतोष पैदा होता है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पहले जल कनेक्शन के समय लाभुकों द्वारा दी गई राशि को जलसहिया एवं मुखिया के संयुक्त खाते में जमा कर नियमसंगत रूप से खर्च किया जाएगा। जिन जलसहियाओं के पास खाता उपलब्ध है, वे कनीय अभियंता, मुखिया एवं पंचायत समिति के साथ योजना की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, इंटक बेल में अत्यधिक बालू भर जाने के कारण पानी की निकासी में समस्या आ रही है। इसके समाधान हेतु बालू की निकासी और इंटक बेल के आसपास मिट्टी हटाकर बोल्डर पिचिंग कराने की आवश्यकता बताई गई। चारों पंचायतों के मुखिया संयुक्त रूप से विधायक अमित कुमार यादव से मिलकर इस समस्या का समाधान कराने का निर्णय लिया। बैठक में जिला परिषद सदस्य केदारनाथ यादव, जेई ओम प्रकाश, बाजो रविदास, धनेश्वर राणा, अजय यादव, इंद्रदेव ठाकुर, जलसहिया ममता गुप्ता, पिंकी देवी, मंजू देवी, रिंकी देवी, सरिता देवी, बेबी देवी, अनीता देवी, निकिता देवी, गीता देवी, सीमा देवी सहित बर्ज भूषण पांडेय, विकास पांडेय समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




