
शिवरात्रि की तैयारी को लेकर घोड़सीमर मंदिर में स्वच्छता अभियान
सतगावां के कटैया पंचायत स्थित घोड़सीमर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर ग्रामीणों ने स्वच्छता अभियान चलाया। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर की सफाई की और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर साल मेले से पहले और बाद में सफाई की जिम्मेदारी उन्हें ही उठानी पड़ती है।
सतगावां, निज प्रतिनिधि। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर प्रखंड के कटैया पंचायत स्थित प्रसिद्ध घोड़सीमर मंदिर परिसर में शुक्रवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों में प्रखंड प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुटने लगे और श्रमदान करते हुए सफाई कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने मंदिर की दीवारों तथा परिसर में उगे छोटे पेड़-पौधों और झाड़ियों को हटाया। साथ ही परिसर में फैले कूड़े-कचरे की सफाई की गई तथा मंदिर तक जाने वाले रास्तों को सुगम बनाया गया, ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सफाई अभियान के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि अंचल कार्यालय द्वारा मेले से होने वाले राजस्व की पूरी वसूली की जाती है, लेकिन मंदिर परिसर की व्यवस्था और साफ-सफाई के मामले में प्रशासन अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाता। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष मेले के पहले और बाद में सफाई की जिम्मेदारी उन्हें ही श्रमदान के माध्यम से निभानी पड़ती है। इस सामूहिक स्वच्छता अभियान में बैजू कुमार, विकास यादव, मुन्ना यादव, रामानंद यादव, चंदन कुमार, श्रींशु कुमार, टिंकू सिंह, विपिन यादव, धर्मेंद्र सिंह, अमेरिका यादव, सुरेश यादव, सुंदर यादव, साधु यादव, कपिल यादव समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




