Hindi NewsJharkhand NewsKodarma NewsMajor Drug Bust Police Seize 6456 Bottles of Illegal English Liquor in Bihar
मेघातरी चेकपोस्ट से ट्रक में लदी 279 पेटी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

मेघातरी चेकपोस्ट से ट्रक में लदी 279 पेटी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

संक्षेप: बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के लिए झारखंड-बिहार सीमा पर मेघातरी मिरर चेक पोस्ट पर पुलिस ने 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। ट्रक चालक शिशुरंजन को गिरफ्तार किया गया, जो शराब की खेप का कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। शराब की कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये है।

Mon, 10 Nov 2025 07:01 PMNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share Share
Follow Us on

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर झारखंड-बिहार सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मेघातरी मिरर चेक पोस्ट पर चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान रविवार की सुबह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। जांच के दौरान एक ट्रक (संख्या बीआर 56 जी 4297) से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि एक ट्रक पर शराब लोड कर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए मेघातरी चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस बल को अलर्ट किया गया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसी बीच एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी में उसमें 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में इम्पेरियल ब्लू के 52 पेटी, रॉयल स्टेज के 98 पेटी, रॉयल चैलेंज के 46 पेटी और आइकानिक व्हाइट के 73 पेटी शामिल हैं। कुल 6456 बोतल (375 एमएल) यानी 2421 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान शिशुरंजन उर्फ सोनू (24 वर्ष), पिता उपेंद्र प्रसाद, निवासी मानपुर, थाना सारे, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। वह शराब की खेप से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सोमवार को प्रेसवार्ता कर एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि यह शराब पश्चिम बंगाल के आसनसोल और धनबाद की सीमा पर एक जंगल से लोड कर बिहार ले जायी जा रही थी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कोडरमा थाना, तिलैया थाना और मेघातरी चेक पोस्ट पर तैनात सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने ट्रक व शराब जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। कोडरमा थाना में अवैध शराब तस्करी से संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।