सतगावां में हाईवा और पिकअप में टक्कर, बाल-बाल बचे चालक
सतगावां के सिहास में हाईवा और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हुई। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन चालक सुरक्षित रहे। टक्कर के बाद सड़क पर डीजल फैल गया, जिससे फिसलन की स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के इंतजाम किए और यातायात को नियंत्रित किया।

सतगावां, निज प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के गया-देवघर मुख्य मार्ग पर सिहास स्थित सिपाही होटल के समीप शुक्रवार को हाईवा और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी चालक को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हाईवा अपनी निर्धारित दिशा में जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे हाईवा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा की तेल टंकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बह गया।
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर डीजल फैल जाने से फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे अन्य वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो गया था। पिकअप के चालक दिनेश रविदास (35 वर्ष), ग्राम खुर्द पिपरा, थाना अकबरपुर, जिला नवादा ने बताया कि वह गिरिडीह से सामान अनलोड कर अपने घर लौट रहा था। वहीं हाईवा के चालक अनिल यादव (32 वर्ष), ग्राम चकाय, जिला देवघर, नवादा से देवघर की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर फैले डीजल के कारण संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए तथा यातायात को नियंत्रित कर आवागमन सुचारू कराया। फिलहाल दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस पिकअप वाहन और उसके चालक को थाना ले जाकर मामले की जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


