घर-घर जाएंगे झामुमो के कार्यकर्ता, सुनेंगे जनता की परेशानी: शालिनी
झामुमो की नेता शालिनी गुप्ता ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। निकाय चुनाव बाद सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को कोडरमा में मजबूत किया जाएगा। चुनावी परिणामों से पता चलता है कि झामुमो के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य कोडरमा का विकास है।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। झामुमो की नेता शालिनी गुप्ता ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की परेशानी सुनेंगे और उसका हल करने या कराने का प्रयास भी करेंगे। निकाय चुनाव को लेकर जारी आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी को कोडरमा में और मजबूत करने तथा जनाधार का दायरा और बड़ा करने का काम किया जाएगा। झामुमो की नेता शालिनी गुप्ता ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान हिन्दुस्तान के साथ विशेष बातचीत में पार्टी की कार्ययोजना के बारे में खुलकर बातें की।
कोडरमा जिले के निकाय चुनाव में आए परिणाम पर कहा कि हर चुनाव जनता लड़ती है। यह चुनाव भी जनता ही लड़ रही थी। इसलिए जनता का फैसला ही सर्वोपरि और सर्वमान्य है। कहा कि कुछ खामियों के कारण बड़ी पार्टी के समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है। कहा कि कोडरमा में विकास-विकास का हल्ला किया जाता है, मगर विकास कहीं नहीं दिखता है। सबकुछ खामोशी से यहां की जनता देख रही है और समय आने पर हिसाब भी लेगी। निकाय चुनाव के परिणामों पर कहा कि अगर सभी जगहों पर गौर किया जाए तो झामुमो समर्थित प्रत्याशी का प्रदर्शन बहुत ही बेहतर रहा। इससे यह पता चलता है कि लोगों में झामुमो के प्रति विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे कारण यह है कि मुख्यमंत्री के कामकाज और झारखंड सरकार की ओर से संचालित योजनाओं से कोडरमा का अमीर से लेकर लेकर गरीब तक हर तबका खुश है। यही वजह है कि हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां आए थे। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि कोडरमा का विकास ही उनका उद्देश्य है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



