
अब डाक निर्यात केंद्र के माध्यम से विश्वभर में किया जा सकेगा बिजनेस लेनदेन
कोडरमा में डाकघर अब पूरी तरह से हाईटेक हो गया है। डिजिटल सिस्टम ने मैनुअल कार्यप्रणाली को बदल दिया है, जिससे सेवाओं की विश्वसनीयता और गति बढ़ गई है। ग्राहक अब ऑनलाइन मनी ट्रांसफर, स्पीड पोस्ट और अन्य...
कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। कभी लोगों के दिलों में "लाल पोस्ट बॉक्स" की छवि लिए डाकघर अब आधुनिकता की राह पर तेज़ी से अग्रसर है। समय के साथ कदमताल करते हुए भारतीय डाक विभाग ने खुद को पूरी तरह हाईटेक बना लिया है। मैनुअल कार्यप्रणाली को अब डिजिटल सिस्टम ने पूरी तरह से बदल दिया है - जिससे ग्राहकों को न केवल सुविधा मिल रही है बल्कि सेवाओं की विश्वसनीयता और गति भी कई गुना बढ़ गई है। झुमरीतिलैया डाकघर के पोस्टमास्टर गोपाल प्रसाद लाहरी बताते हैं कि आज डाकघर का हर काम कंप्यूटराइज हो गया है। पहले जहां लोगों को जरूरी पत्र या मनी ऑर्डर भेजने में कई दिन लग जाते थे, वहीं अब ऑनलाइन मनी ट्रांसफर और स्पीड पोस्ट की सुविधा से कुछ ही मिनटों में लेनदेन संभव हो गया है।

उन्होंने बताया कि अब डाकघर के ग्राहक देश के किसी भी कोने में जमा और निकासी कर सकते हैं। पहले केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित रहने वाला पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस अब आम लोगों के लिए भी उपलब्ध है। इसके अलावा डाकघर द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना, आरडी, और अन्य कई लघु बचत योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिनसे आम जनता को बड़ा लाभ मिल रहा है। पोस्टमास्टर लाहरी ने बताया कि आज स्पीड पोस्ट की बुकिंग भी पूरी तरह डिजिटल हो गई है। ग्राहक बारकोड स्कैन कर ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं। वहीं, रजिस्ट्री जैसी पुरानी प्रक्रिया अब इतिहास बन चुकी है। सबसे अहम बात यह है कि डाक विभाग ने अब डाक निर्यात केंद्र (पोस्टल एस्पोर्ट सेंटर) की शुरुआत की है। इसके माध्यम से ग्राहक रजिस्ट्रेशन कर विश्व के किसी भी देश में बिजनेस लेनदेन कर सकते हैं। यानी अब कोडरमा से सीधे वैश्विक व्यापार की राह डाकघर के जरिए खुल चुकी है। लाहरी ने कहा कि डाकघर के डिजिटल होने के बाद ग्राहकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। “लोग नई तकनीक को अपनाते हुए डाक विभाग की सेवाओं का भरपूर लाभ उठा रहे हैं,” उन्होंने गर्वपूर्वक कहा। हाईटेक डाकघर अब सिर्फ चिट्ठी भेजने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि यह डिजिटल इंडिया की दिशा में एक सशक्त कदम बन चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




