सतगावां में सात धान क्रय केंद्रों का किया गया उद्घाटन
सतगावां में धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश बड़ाईक ने किसानों से अपील की कि वे पैक्स के माध्यम से धान खरीदें। इस पहल से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी। धान की खरीद निबंधित किसानों से की जाएगी।

सतगावां, निज प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्य को लेकर खुट्टा, नावाडीह, टेहरो, योगीडीह, ईटाय, समलडीह एवं मीरगंज पैक्स में धान क्रय केंद्रों का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश बड़ाईक, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनिल श्रीवास्तव, संबंधित पंचायतों के मुखिया एवं पैक्स अध्यक्षों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। प्रखंड में कुल सात धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश बड़ाईक ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल क्षेत्र के किसानों और सहकारिता व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने-अपने पैक्स के माध्यम से ही धान अधिप्राप्ति कराएं।
वहीं प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पैक्स के माध्यम से किसानों को धान खरीद, बीज-खाद की उपलब्धता, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा पारदर्शी व्यवस्था का सीधा फायदा मिलेगा। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान की खरीद केवल निबंधित किसानों से ही की जाएगी। जिन किसानों ने अब तक निबंधन नहीं कराया है, वे प्रज्ञा केंद्र, सीएससी सेंटर अथवा पैक्स अध्यक्ष के माध्यम से अपना निबंधन करा सकते हैं। निबंधन के लिए आधार कार्ड, जमीन की रसीद, बैंक खाता विवरण एवं मोबाइल नंबर आवश्यक होगा। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी तथा सरकार द्वारा खरीदे गए धान का भुगतान एकमुश्त आरटीजीएस/एनईएफटी/पीएफएमएस के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें पैक्स के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। मौके पर प्रतिनिधि धनंजय यादव, खुट्टा पंचायत मुखिया फुलवा देवी, नावाडीह मुखिया प्रतिनिधि श्रीकांत यादव, शंकर यादव, मुखिया सदानंद यादव, मंटू चौधरी, ईटाय मुखिया अमर कुमार, पैक्स अध्यक्ष राघो यादव सहित विक्रम कुमार, अशोक कुमार, राजेश यादव, सुमंत कुमार, श्रीकांत सिंह, विनोद यादव, राजेश भगत तथा पैक्स प्रतिनिधि रणधीर कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




