ट्रैक्टर को टक्कर मार भाग रहे हाईवा को पुलिस ने किया जब्त, चालक हिरासत में
सतगावां में रविवार को एक तेज रफ्तार हाईवा ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक राजू यादव घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश था।

सतगावां। थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय बासोडीह के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार हाईवा द्वारा ट्रैक्टर को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद भाग रहे हाईवा को सतगावां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया तथा चालक को हिरासत में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गावां-गूंगी मार्ग पर एक अनियंत्रित हाईवा ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर को सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक राजू यादव (निवासी बारडोली) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद हाईवा चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी तथा सतगावां होते हुए नवादा (बिहार) की ओर भागने लगा।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भी अपने वाहनों से हाईवा का पीछा किया। तेज गति के कारण मार्ग में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने बासोडीह के पास घेराबंदी कर हाईवा को रोक लिया। मौके से 35 वर्षीय चालक राजू यादव को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


