घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

हिन्दुस्तान, कोडरमा
Follow us on Google News
share

कोडरमा में तिलैया थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई। महिलाओं और नाबालिगों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। अंशिका भदानी ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोपी रूपेश कुमार का कहना है कि जमीन के असली मालिक ने उन्हें केयरटेकर नियुक्त किया है। तिलैया पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। तिलैया थाना क्षेत्र में पुलिस और अंचल अधिकारियों तथा कर्मचारियों की मिलीभगत से दर्जनों जमीन संबंधी मामले उलझे हुए हैं। यही वजह है कि एक दिन पहले हाईकोर्ट ने चंदवारा में सरकारी जमीन को खाली कराने का आदेश कोडरमा जिला प्रशासन को दिया है। ताजा मामला तिलैया थाना क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार की सुबह मकान खाली कराने के विवाद में जमकर मारपीट हुई। यहां तक कि महिलाओं और नाबालिग से छेड़खानी का आरोप लगा। यह मामला पूर्णिमा टॉकीज के सामने का है। इस मामले में अंशिका भदानी, पिता मनोज भदानी, पूर्णिमा टॉकीज के सामने रहनेवाली महिला ने तिलैया थाने में आवेदन देकर जानमाल समेत पूरे परिवार की प्रतिष्ठा बचाने की गुहार लगायी है। महिला ने तिलैया पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि शुक्रवार की सुबह अड्डी बंगला के हंस कॉलोनी निवासी रूपेश कुमार अपने आठ-10 लोगों के साथ आकर घर में मारपीट की। आरोप लगाया गया है कि घर की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार व नाबालिग बेटियों के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की। हल्ला हंगामा के बाद पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत कराया। फिलहाल जमीन पर रह रहे मनोज भदानी की पत्नी गोपी भदानी का कहना है कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इसके अलावा महिला ने आरोप लगाया है कि रूपेश कुमार ने नौ दिसंबर, 25 को मनोज भदानी, विनोद भदानी व अन्य पर रंगदारी व अन्य मामलों में आरोप लगाते हुए थाना में केस किया था। मामले को लेकर मनोज भदानी व अन्य ने न्यायालय में एंटीसिपेटरी बेल फाइल की थी। इसकी सुनवाई पांच मई को होनी थी। महिलाओं का कहना है कि सुनवाई के एक दिन पहले ही चार मई की अहले सुबह लगभग तीन बजे पुलिस घर में घुसकर मनोज भदानी और उनके भाई विनोद भवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। परिजनों ने स्थानीय पुलिस से जानमाल की रक्षा की गुहार लगायी है。

क्या कहता है दूसरा पक्ष

इस संबंध में आरोपी बनाए गए रूपेश भदानी और आनंद कुमार का कहना है कि जमीन संबंधी कोई भी मामला फिलहाल न्यायालय में नहीं चल रहा है। इस जमीन के असली मालिक सुधीर भदानी हैं और उन्होंने लिखित तौर पर अपने सारे जमीन का केयरटेकर रूपेश भदानी को नियुक्त किया है। कहा कि वे इस मामले को लेकर जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से गुहार लगाए हैं।

क्या कहती है तिलैया पुलिस

इस संबंध में तिलैया पुलिस का कहना है कि शुक्रवार की सुबह मारपीट की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस वहां भेजी गई। दोनों पक्षों को समझाकर हटा दिया गया है। महिला की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

तिलैया थाना क्षेत्र में क्या विवाद हुआ?
तिलैया थाना क्षेत्र में मकान खाली कराने के विवाद में जमकर मारपीट हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।