पूर्णाहुति के साथ रुद्र महायज्ञ का समापन, भव्य भंडारे में उमड़ी आस्था
डोमचांच में धरगांव पंचायत के नीचे टोला में आयोजित श्री श्री 1008 नवदिवसीय शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा रुद्र महायज्ञ का भव्य समापन हुआ। 20 से 28 फरवरी तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में भारी भीड़ उमड़ी। विधायक डॉ. नीरा यादव ने यज्ञ स्थल पर पहुंचकर भगवान के समक्ष नतमस्तक होकर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।

डोमचांच, निज प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत धरगांव पंचायत के नीचे टोला में आयोजित श्री श्री 1008 नवदिवसीय शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हो गया। 20 फरवरी से 28 फरवरी तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। कथा वाचिका साधना किशोरी एवं दीदी दिव्यांशी ने अपने अमृतमय प्रवचनों से श्रद्धालु भक्तों को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। पूर्णाहुति के दिन यज्ञ समिति की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया।
समापन दिवस पर कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव यज्ञ स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने यज्ञ भगवान के समक्ष नतमस्तक होकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया। महायज्ञ के दौरान भव्य मेले का भी आयोजन हुआ, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। कुटिया बाबा की साधना और उपासना ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के अध्यक्ष बाबूलाल यादव, सचिव रामू यादव, कोषाध्यक्ष सुखदेव मेहता सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। मीडिया प्रभारी रामकृष्ण मेहता एवं सोशल मीडिया प्रभारी श्याम सुंदर यादव ने प्रचार-प्रसार में अहम योगदान दिया। आयोजकों ने बताया कि आगामी 2 मार्च को झारखंड की प्रसिद्ध भजन गायिका पल्लवी झा अपनी टीम के साथ भक्ति संध्या में प्रस्तुति देंगी, जिसमें श्रद्धालु एक बार फिर भक्ति के सागर में डुबकी लगाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


