आमलेट बनाकर नहीं खिलाने पर झोपड़ीनुमा होटल में आग लगाने का आरोप, दो बकरियां जलीं

Newswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में एक गरीब महिला का झोपड़ीनुमा होटल आग से जलकर राख हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक युवक ने आग लगाई। घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। प्रशासन से उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की जा रही है।

आमलेट बनाकर नहीं खिलाने पर झोपड़ीनुमा होटल में आग लगाने का आरोप, दो बकरियां जलीं

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-2 स्थित बिरहोर टोला के समीप एक झोपड़ीनुमा होटल में बीती रात आग लगने से एक गरीब महिला का होटल जलकर राख हो गया। होटल में बंधी दो बकरियां भी आग की चपेट में आकर जल गईं, जबकि होटल में रखे बर्तन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के संबंध में पीड़िता पिंकी देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे बिरहोर बस्ती निवासी रवि बिरहोर उनके होटल पर पहुंचा और ऑमलेट बनाने की जिद करने लगा। देर रात होने और घर जाने की बात कहते हुए पिंकी देवी ने ऑमलेट बनाने में असमर्थता जताई। इससे युवक नाराज हो गया और बड़बड़ाते हुए वहां से चला गया।

आग लगने का कारण

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद वह होटल बंद कर अपने घर चली गईं। सोमवार सुबह उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनका होटल जलकर राख हो गया है। सूचना मिलते ही वह अपनी सास शोभा देवी के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां होटल पूरी तरह राख में तब्दील मिला। होटल के अंदर बंधी दो बकरियां भी जलकर मर चुकी थीं।

आरोप और प्रशासन की कार्रवाई

पिंकी देवी ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि उनके जाने के बाद रवि बिरहोर दोबारा होटल के पास आया था। पीड़िता ने युवक पर आग लगाने का आरोप लगाया है और प्रशासन से उचित कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर तिलैया थाना के एएसआई अनुरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पीड़िता की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि पिंकी देवी के पति मुकेश की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह अपनी सास के साथ होटल चलाकर परिवार और बच्चों का भरण-पोषण करती थीं। होटल जल जाने के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

यह आग किस होटल में लगी?
यह आग कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-2 स्थित बिरहोर टोला के समीप एक झोपड़ीनुमा होटल में लगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।