Kodarma News: जन्माष्टमी को लेकर कान्हा के रंग में रंगा बाजार, बारिश के बीच भी बढ़ी चहल-पहल
Kodarma News: जन्माष्टमी को लेकर बुधवार को झुमरीतिलैया स्थित बाजार में कान्हा के शृंगार सामग्री की खरीदारी करते लोग। झुमरी तिलैया, निज प्रतिनिधि कोडरमा। जन्माष्टम

Kodarma News: झुमरी तिलैया, निज प्रतिनिधि। कोडरमा। जन्माष्टमी को लेकर शहर का बाजार कान्हा के रंग में रंग गया है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बावजूद बाजार में खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी हुई है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। घरों में लड्डू गोपाल को विराजमान कराने और उनकी पूजा-अर्चना की तैयारी को लेकर लोग मूर्तियों के साथ पोशाक, झूले, पालने, मुकुट, बांसुरी और सजावटी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में पारंपरिक सामानों के साथ इस बार नए डिजाइन और आकर्षक सजावटी सामग्री भी उपलब्ध हैं। दुकानों पर सजे रंग-बिरंगे सामान श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। पीतल और चीनी मिट्टी के लड्डू गोपाल की मांग
जन्माष्टमी बाजार में लड्डू गोपाल की मूर्तियां
जन्माष्टमी बाजार में लड्डू गोपाल की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानों पर पीतल और चीनी मिट्टी से बनी विभिन्न आकार की मूर्तियां उपलब्ध हैं। छोटे आकार से लेकर बड़ी और आकर्षक प्रतिमाओं तक की बिक्री हो रही है। पीतल की मूर्तियों में अलग-अलग डिजाइन और मुद्राओं वाले लड्डू गोपाल लोगों को विशेष रूप से पसंद आ रहे हैं।
डिजाइनर पोशाक और शृंगार सामग्री की रेंज
लड्डू गोपाल के लिए बाजार में रंग-बिरंगी और डिजाइनर पोशाकों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। अलग-अलग आकार के अनुसार पोशाक, पगड़ी, मुकुट, मोरपंख और अन्य शृंगार सामग्री दुकानों में सजाई गई है। लड्डू गोपाल का पीतल का झूला 200 से 300 रुपये, मूर्ति 150 से 250 रुपये और कपड़े 20 से 100 रुपये तक में उपलब्ध हैं। वहीं, छोटे बच्चों के लिए कान्हा की पोशाक 300 से 500 रुपये तक में बिक रही है। श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार कान्हा को सजाने के लिए पोशाक और शृंगार सामग्री खरीद रहे हैं।
झूले और पालने की भी खूब बिक्री
जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को झूला झुलाने की परंपरा के कारण बाजार में छोटे-बड़े झूले और पालने भी खूब बिक रहे हैं। लकड़ी, धातु और अन्य सामग्री से बने आकर्षक झूले लोगों की पसंद बने हुए हैं। कई झूलों को फूलों और अन्य सजावटी सामानों से सजाया गया है। घरों में श्रीकृष्ण की विशेष झांकी तैयार करने वाले लोग भी इन सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। कान्हा के शृंगार के लिए मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, माला, हार, कंगन, सिंहासन सहित अन्य सजावटी सामानों की भी मांग बनी हुई है।


