सतगावां के नादकरी गांव पहुंचा हाथी, फसलों को रौंदा, ग्रामीणों में दहशत
नादकरी गांव में एक हाथी ने उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने कई किसानों की फसल को बर्बाद किया। वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। पिछले कुछ दिनों से यह हाथी गांवों में आतंक फैला रहा है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।

मरकच्चो, निज प्रतिनिधि। हाथियों के झुंड से बिछड़ा एक हाथी सोमवार को नादकरी गांव पहुंच गया और जमकर उत्पात मचाया। आबादी क्षेत्र में हाथी के पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, वहीं कुछ ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर चलाकर हाथी को भगाने का प्रयास किया। हाथी ने गांव के यासीन अंसारी, इबरार अंसारी, हासिम अंसारी समेत अन्य किसानों के खेतों में लगी जेठुआ फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लूप तथा पटाखे जलाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।जानकारी के अनुसार हाथियों के झुंड से बिछड़ा यह हाथी पिछले कई दिनों से प्रतिदिन रात के समय बेरहवा जंगल से सटे गांवों में पहुंचकर उत्पात मचा रहा है।
क्षेत्र के तेलियामारण, महुआटांड़, जामू, हरलाडीह, पपलो, अम्बाडीह, मेहतरिया अहरी, नादकरी, दशारो समेत कई गांवों के ग्रामीण हाथी के आतंक से परेशान हैं।ग्रामीणों के मुताबिक हाथी जंगल से निकलकर गांवों में पहुंच जाता है और खेतों में लगी फसलों को रौंद देता है। कई जगह घरों के आसपास भी मंडराने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। किसान अपनी फसलों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


