डीवीसी के चेयरमैन का उद्योगपतियों और चैंबर के अधिकारियों ने किया स्वागत
डीवीसी के चेयरमैन एस. सुरेश कुमार ने शनिवार को कोडरमा पहुंचकर दादीजी स्टील में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत प्राप्त किया। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक समस्याओं पर चर्चा की, जिसमें बिजली दरें और विद्युत आपूर्ति शामिल थीं। चेयरमैन ने उद्योगों के विकास के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।

कोडरमा,वरीय संवाददाता। डीवीसी के चेयरमैन एस. सुरेश कुमार शनिवार को कोडरमा पहुंचने पर दादीजी स्टील में स्थानीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान दादीजी स्टील के चेयरमैन उदय कुमार उर्फ पप्पू सोनी के अलावा कोडरमा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रदीप केडिया, महासचिव रामरतन महर्षि, उद्योगपति अनिल पांडेय सहित अन्य व्यवसायी और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। मीटिंग के दौरान उद्योगपतियों ने कोडरमा और झारखंड के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं चुनौतियों को विस्तार से रखा। विशेष रूप से डीवीसी बिजली दरों, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पावर ट्रिपिंग, अतिरिक्त सबस्टेशन की आवश्यकता, औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए रियायत, तथा कोडरमा-बरही इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
चेयरमैन एस. सुरेश कुमार ने उद्योग प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि डीवीसी उद्योग हित में बेहतर और स्थिर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को सुविधा मिलेगी तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा। चेयरमैन ने बिजली बिल भुगतान प्रक्रिया को सहज बनाने, उपभोक्ता सेवा केंद्रों को मजबूत करने तथा कोडरमा में औद्योगिक विकास की दिशा में ठोस और सकारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया। इस मौके पर उद्योग संगठनों ने चेयरमैन को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान दादीजी स्टील प्रबंधन की ओर से अतिथियों के लिए स्वागत और अल्पाहार की व्यवस्था की गई। उद्योगपतियों ने उम्मीद जताई कि चेयरमैन के आगमन से कोडरमा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में नई शुरुआत होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



