जिलेभर के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें: विधायक
कोडरमा में जिला स्तरीय 'स्कूल रूआर अभियान' को लेकर बैठक आयोजित की गई। विधायक डॉ. नीरा यादव ने विद्यालयों का निरीक्षण करने और ड्रॉपआउट बच्चों को नामांकित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ऋतुराज ने सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न अधिकारियों और गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय ‘स्कूल रूआर अभियान को लेकर उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय विधायक डॉ. नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, उपायुक्त ऋतुराज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, बीआरपी/सीआरपी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए अनामांकित एवं छीजित बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक से मध्य विद्यालय, मध्य से उच्च विद्यालय एवं उच्च से उच्चतर विद्यालय तक बच्चों की मैपिंग तथा कक्षा 5 से 6, 8 से 9 और 10 से 11 में नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।विधायक
डॉ. नीरा यादव ने अधिकारियों को विद्यालयों एवं आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि ड्रॉपआउट बच्चों को नामांकन के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय में पूर्ण समय देने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर बल दिया।उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को विद्यालयीय शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने टोला टैगिंग के माध्यम से बच्चों का नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने, विद्यालय प्रबंधन समिति की नियमित बैठक करने तथा एक भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का प्राथमिक विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


