Kodarma News: शहरी जलापूर्ति योजना जल्द हैंडओवर लें, रोड किनारे से बिजली पोल हटाएं: डीसी
Kodarma News: फोटो कोडरमा 12 कोडरमा समाहरणालय में सोमवार को आयोजित बैठक में शामिल डीसी, डीडीसी व अन्य। जिला समन्वय समिति की बैठक में लंबित माम

Kodarma News: कोडरमा, वरीय संवाददाता समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की अनुपालन बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जलापूर्ति योजना
कोडरमा-झुमरी तिलैया शहरी जलापूर्ति योजना का निर्माण पूरा होने के बावजूद हैंडओवर प्रक्रिया लंबित रहने पर उपायुक्त ने जुडको के साथ समन्वय कर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया। समाज कल्याण विभाग की आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा निर्माणाधीन नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा गया। झुमरी तिलैया की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुपयोगी बिजली पोलों को हटाने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नए पोल लगाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्देश एवं निष्पादन
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अंतर-विभागीय समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डोमचांच-सतगावां पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा वन्यजीवों से जान-माल की क्षति के मुआवजा भुगतान से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया। मरकच्चो प्रखंड के डगरनवां पंचायत के विभिन्न गांवों में खराब जलमीनारों की जानकारी ली गई। गरचांच एवं मंडरिया गांव के बीच पाइपलाइन बिछाने में आ रही भूमि संबंधी समस्या के समाधान के लिए पुनः स्थल जांच कराने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा
स्कूली एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उच्च विद्यालय मीरगंज के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय घंघरी की भूमि का स्थलीय जांच प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अग्रणी जिला प्रबंधक विमल झा, श्रम अधीक्षक अभिषेक वर्मा, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।


