
दिन में धूप से मिल रही राहत, रात में ठंड बन रही आफत
कोडरमा जिले में दिन का तापमान 25 डिग्री और रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ेगी। नवंबर में ठंड ज्यादा है और न्यूनतम तापमान गिर रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कोडरमा, वरीय संवाददाता कोडरमा जिले का दिन का तापमान 25 और रात का पारा 10 डिग्री के आसपास रह रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दो दिनों में ठंड थोड़ी और बढ़ेगी। इसलिए ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। मालूम हो कि कोडरमा जिले में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे ठंडा होता ही जा रहा है। इस बार नवंबर में ठंड अधिक है। दिन में तो धूप से राहत है। लेकिन, रात में सर्दी आफत बन जा रही है। आधी रात के बाद सुबह आठ बजे तक ठंड अधिक है। तीन दिनों से धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही और न्यनूतम तापमान गिर रहा है।
रविवार को न्यनूतम तापमान 10 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब पांच डिग्री कम करीब 25 डिग्री रहा। रविवार से कम ठंड एक दिन पहले शनिवार को रही। इस दिन न्यूनतम 12 डिग्री रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस वक्त नमी की मात्रा में रात में 75 व दिन में 70 प्रतिशत रह रही है। ऐसी में हल्की हवा चलने पर भी ठंड का अधिक अहसास हो रहा है। जिले में पछुआ चलने के कारण ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। हालांकि अभी पछुआ की गति काफी कम है। इस कारण दिन में धूप की वजह से ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। बताया कि अगले दो-तीन दिनों में मौसम कुछ इसी तरह रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 08 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 से हवा की दिशा बदलेगी। इस वजह से न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ेगा। साथ ही सुबह में हल्की धुंध या कोहरा भी छाया रह सकता है। आठ दिनों से बढ़ी है ठंड, लगातार गिर रहा पारा पिछले आठ दिनों से ठंड बढ़ी है। पिछले साल नवंबर माह की तुलना में इस साल नवंबर में कोडरमा में अधिक सर्दी है। तीन दिनों से न्यूनतम तापमान गिर रहा। कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार का कहना है कि इस वक्त की ठंड में बच्चे और बुजुर्गों को विशेष सावधानी के साथ रहने की जरूरूत है। खासकर सुबह के वक्त में बिना गर्म कपड़े और पूरा बदन ढंके बाहर निकलना सेहत के लिए ठीक नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




