सीबीएसई 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद मिलेगा छात्रों को सर्टिफिकेट

Newswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्णता प्रमाण पत्र दूसरी परीक्षा के बाद देने की घोषणा की है। वर्तमान में छात्रों को केवल अंक तालिका दी जाएगी। यदि कोई छात्र दूसरी परीक्षा में नहीं भाग लेना चाहता, तो उसे मार्कशीट के आधार पर प्रवेश मिलेगा।

सीबीएसई 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद मिलेगा छात्रों को सर्टिफिकेट

कोडरमा, वरीय संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों को अब उत्तीर्णता प्रमाण पत्र (पासिंग सर्टिफिकेट) दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद ही दिया जाएगा। बोर्ड के अनुसार, दूसरी परीक्षा समाप्त होने के बाद यह प्रमाण पत्र संबंधित स्कूलों को भेजा जाएगा। इसकी जानकारी सीबीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध करायी गई है। फिलहाल, छात्रों को उनके प्रदर्शन की जानकारी अंक तालिका (मार्कशीट) के रूप में ही दी जा रही है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम ग्रेडिंग मुख्य परीक्षा और दूसरी बोर्ड परीक्षा दोनों के परिणामों को मिलाकर तय की जाएगी।नई व्यवस्था के तहत पहली परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद केवल मार्कशीट उपलब्ध कराई जा रही है, जो सीधे विद्यार्थियों के डिजिलॉकर खाते में अपलोड की जा रही है।

इस मार्कशीट के आधार पर छात्रों को 11वीं कक्षा में प्रवेश लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई छात्र दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता, तो उसे वर्तमान मार्कशीट के आधार पर ही संबंधित स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। कोई भी स्कूल ऐसे छात्रों को प्रवेश देने से मना नहीं कर सकेगा। दूसरी बोर्ड परीक्षा पूरी होने के बाद ही पासिंग सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा, जिसे प्राप्त होने पर छात्रों को अपने संबंधित स्कूल में जमा करना अनिवार्य होगा।इस मामले को लेकर ग्रिजली स्कूल के निदेशक अविनाश सेठ, सेक्रेड हार्ट स्कूल के निदेशक प्रमोद कुमार, मेरिडियन के निदेशक डॉ श्रीनिवास कुमार और मॉर्डन स्कूल की निदेशिका डॉ संगीता शर्मा ने बताया कि इस बार बच्चों ने बेहतर किया है। यह परिणाम उनकी मेहनत का नतीजा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।