बदमाशों ने टैंकर चालक को मार-पीटकर किया घायल, स्थिति गंभीर
सतगावां के बासोडीह के समीप अज्ञात बदमाशों ने 26 वर्षीय विकास नामक तेल टैंकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद उसे गंभीर चोटें आईं और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

सतगावां। थाना क्षेत्र के बासोडीह के समीप अज्ञात बदमाशों ने एक तेल टैंकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल चालक की पहचान 26 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। वह नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलबदरों (कुहिला) का निवासी बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास पेट्रोल पंप से तेल खाली कर टैंकर लेकर कोडरमा की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोहल के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी रुकवाई और बिना किसी स्पष्ट कारण के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन एवं रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मारपीट के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



