
सतगावां में कुएं से किसान का शव बरामद, नवादा का था निवासी
सरकंडा गांव में रहकर खेती करते थे सतगावां, निज प्रतिनिधि सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंड-बिहार सीमा के समीप पोखरडीहा गांव के पश्चिम डोभा के बगल
सतगावां, निज प्रतिनिधि। सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंड-बिहार सीमा के समीप पोखरडीहा गांव के पश्चिम डोभा के बगल स्थित एक कुएं से मंगलवार को 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर गोविंदपुर थाना को अवगत कराया गया। थानाध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान रोह थाना क्षेत्र के मोरवा गांव निवासी अर्जुन यादव (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया गया कि अर्जुन यादव पिछले करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव में रहकर खेती का कार्य कर रहे थे।
उनके परिवार में पत्नी शंकुती देवी एवं तीन पुत्र हैं, जो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय कोई भी पुत्र घर पर मौजूद नहीं था। मृतक के साले शंभू यादव ने बताया कि अर्जुन यादव बीते रविवार से लापता थे। रविवार को दिन करीब 11 बजे वे गोविंदपुर बाजार खोवा बेचने व दाढ़ी बनवाने की बात कहकर घर से निकले थे। रविवार की शाम करीब 4 बजे उन्हें बड़तल्ला इलाके में कई लोगों ने देखा था। इसके बाद से परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार दोपहर को दर्शननाला के समीप स्थित कुएं के पास गमछी व चादर पड़े होने की सूचना मिली। संदेह होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और रस्सी के सहारे कुएं में तलाश की गई, जहां पहले लुंगी बाहर आई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पत्नी द्वारा 30 दिसंबर को गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर पुलिस खोजबीन कर रही थी। शव बरामदगी स्थल सतगावां थाना क्षेत्र में पड़ता है, जिसकी सूचना वहां की पुलिस को भी दी गई थी। चूंकि गुमशुदगी का मामला गोविंदपुर थाना में दर्ज है, इसलिए विधिसम्मत कार्रवाई वहीं से की गई। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




