
हेमंत सरकार के खिलाफ जिलेभर में भाजपा का हल्ला बोल
झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कोडरमा प्रखंड मुख्यालय में प्रदर्शन किया। विधायक डॉ. नीरा यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह आदिवासियों और...
कोडरमा, वरीय संवाददाता। झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुधवार को कोडरमा प्रखंड मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व कोडरमा की विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव ने किया। भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता चिल्ड्रन पार्क से रैली की शक्ल में निकले और शिव तारा स्कूल होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. नीरा यादव ने हेमंत सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार ने रिम्स-2 परियोजना के नाम पर आदिवासियों और किसानों की जमीनें छीनने की साजिश रची है।

उन्होंने आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की मौत को फर्जी एनकाउंटर करार दिया और इसे सरकार की जनविरोधी मानसिकता का उदाहरण बताया। विधायक ने आरोप लगाया कि जनकल्याणकारी योजनाएं लूट-खसोट का माध्यम बन गई हैं और आम जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त है। सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत दिए जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन और मुख्यमंत्री मंइया सम्मान योजना जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सभा की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुनील पंडित ने की, संचालन अजय पांडेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सुधीर सेठ ने प्रस्तुत किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर जोरदार नारेबाजी की - “हेमंत सरकार होश में आओ”, “सूर्या हांसदा अमर रहे”, “आदिवासी रैयत किसानों की जमीन वापस करो”। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रमुख रूप से जिला महामंत्री शिवेंद्र नारायण, नितेश चंद्रवंशी, राजेंद्र सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अरशद खान, चंद्रशेखर जोशी, उत्तम कुमार, मिथिलेश सिंह, विक्रम सिंह, अंकित गुप्ता, निरंजन कसेरा, संजय यादव, गणेश राम, भाजपा नेत्री प्रिया यादव, पूजा देवी, रीना देवी, संजू देवी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं। भाजपा नेताओं ने ऐलान किया कि जब तक राज्य की जनता को भ्रष्टाचार और अन्याय से मुक्ति नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


