असली-नकली ट्रक के चक्कर में उलझी बंगाल पुलिस

By Newswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा

बंगाल पुलिस बांकुड़ा जिले में 18 लाख रुपये की छड़ चोरी के मामले की जांच कर रही है। ट्रक जो झारखंड के गढ़वा पलामू के लिए रवाना हुआ था, गायब हो गया। ट्रक मालिक मनोज यादव ने बताया कि उनका ट्रक नेपाल में...

असली-नकली ट्रक के चक्कर में उलझी बंगाल पुलिस

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। बंगाल के बांकुड़ा जिले से जुड़े एक बड़े ठगी के मामले में छानबीन करते हुए बंगाल पुलिस कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया पहुंची है। मामला तकरीबन 18 लाख रुपये की छड़ चोरी से जुड़ा है, जो झारखंड के गढ़वा पलामू भेजी जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही गायब हो गई। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है कि असली ट्रक कौन सा है और कहीं कोई फर्जी ट्रक तो इस वारदात में शामिल नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा जिले के गंगाजलघाटी थाना क्षेत्र स्थित रामदूत फैक्ट्री से ट्रक संख्या जेएच 12 जे 1548 में छड़ लोड कर गढ़वा पलामू के लिए रवाना किया गया था।

ट्रक 2 जुलाई की रात फैक्ट्री से निकली। शुरू में GPS के जरिए इसका लोकेशन बरही तक ट्रेस हुआ, लेकिन इसके बाद ट्रक का कोई पता नहीं चला। जब फैक्ट्री मालिक राजेश सिंह को संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की तह में जाने के बाद चौंकाने वाली बात सामने आई। ट्रक नंबर के आधार पर जब आरटीओ से मालिक की जानकारी निकाली गई तो वह झुमरी तिलैया निवासी मनोज यादव के नाम निकला। बंगाल पुलिस जब जांच के सिलसिले में झुमरी तिलैया पहुंची और ट्रक मालिक से पूछताछ की तो एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। ट्रक मालिक मनोज यादव ने बताया कि उनका ट्रक तो 2 जुलाई को नेपाल में था और वह वहां से माल लोड कर चला था। उन्होंने यह भी कहा कि यह ट्रक उन्होंने करीब छह महीने पहले ही खरीदा है। अब उन्हें शक है कि उन्हीं के ट्रक नंबर की नकल कर एक फर्जी ट्रक इस पूरे ठगी की वारदात को अंजाम दे गया। मनोज यादव ने अपने सभी दस्तावेज बंगाल पुलिस को सौंप दिए हैं। वहीं, बंगाल पुलिस भी असमंजस में है। पुलिस अधिकारी स्वप्न ने बताया कि फिलहाल छानबीन जारी है और ट्रांसपोर्ट विभाग से असली-नकली ट्रक की पुष्टि कराई जा रही है। इस घटना से जहां ट्रक मालिक परेशान है, वहीं फैक्ट्री मालिक और बंगाल पुलिस भी उलझन में पड़ गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच में आखिर असली ट्रक सामने आता है या कोई संगठित गिरोह इस पूरे मामले के पीछे है।

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेख
Live Hindustan आपको पुश नोटिफिकेशन भेजना शुरू करना चाहता है। कृपया, Allow करें।