Kodarma News: मुआवजे की राशि 3.50 लाख हड़पने वाले मुखिया के खिलाफ जांच का आदेश
Kodarma News: बीडीओ ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को जांच का दिया निर्देश सतगावां, निज प्रतिनिधि सतगावां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत अंतर्गत झरगांव में 2 जुलाई 2023

Kodarma News: सतगावां, निज प्रतिनिधि। सतगावां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत अंतर्गत झरगांव में 2 जुलाई 2023 को हुए वज्रपात हादसे के बाद अब मुआवजे की राशि में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हादसे में बच्चों की मौत के बाद सरकार की ओर से स्वीकृत मुआवजे की राशि में से 3.50 लाख रुपये अवैध रूप से निकाल लिए जाने का आरोप पीड़ित महिला उर्मिला देवी ने पंचायत के मुखिया मंटू चौधरी पर लगाया है। उर्मिला देवी ने प्रखंड कार्यालय में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि मुखिया ने उन्हें झांसे में लेकर कागजात पर अंगूठा लगवाया और इसके बाद मुआवजे की स्वीकृत राशि में से 3.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है。
जांच अभियान
शिकायत मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का निर्देश दिया है। बीडीओ ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, सतगावां को आवेदन में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, मुआवजे की राशि से जुड़ा मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा और नाराजगी है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

