श्याम निशान महिला मंडल की भव्य निशान यात्रा से भक्तिमय हुआ नगर
झुमरीतिलैया में रविवार को 48वीं भव्य निशान यात्रा का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने दुर्गा मंदिर से यात्रा की शुरुआत की, जहां भव्य बाबा श्याम का दरबार सजाया गया। यात्रा के दौरान भजन गाते हुए महिलाएं श्रद्धा से आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं ने बाबा को निशान अर्पित किया और पूरे नगर में भक्ति का माहौल बना।

झुमरीतिलैया, निज प्रतिनिधि बाबा श्याम की भक्ति में डूबा नगर रविवार को एक अलौकिक दृश्य का साक्षी बना, जब श्याम निशान महिला मंडल द्वारा 48वीं भव्य निशान यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से पूरा नगर श्याममय हो उठा। यात्रा की शुरुआत दुर्गा मंदिर झंडा चौक से हुई, जहां जीवकांत झा ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद भव्य रूप से सजाए गए वाहन पर सुसज्जित बाबा श्याम का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। निशान यात्रा झंडा चौक से होते हुए स्टेशन रोड, श्याम मंदिर और पोद्दार निवास तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा को निशान अर्पित किया।
यात्रा के दौरान महिलाएं भक्ति-भाव से ओतप्रोत भजन गाते हुए चल रही थीं। “जलती रहे खाटू वाली जोत तेरी”, “ऊंचों रख निशान श्याम को” और “मेरी गाड़ी मेरा बंगला सब कुछ है तेरा” जैसे भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “ओ दर्जी सील दे निशान मुझे खाटू जाना है” और “आ गया मैं दुनियादारी सारी बाबा छोड़ के” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे मार्ग में भक्ति की अविरल धारा बहती रही। इस अवसर पर कृतिका मोदी, सारिका केडिया, पिंकी खेतान, शालिनी सेठ, सुमन सर्राफ, कुसुम चौधरी, नैंसी वर्मा, मूली शर्मा, नीलम अंबस्ता, कविता गुप्ता, पुष्पा राज, देवंती देवी सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


