प्रिंटिंग में ही लीक हो गया था पेपर, ICN के 2 कर्मचारियों ने खींच ली थी फोटो; CGL पेपर पर बड़ा खुलासा
जेएससी-सीजीएल पेपर लीक को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पेपर जब प्रिंटिंग के लिए गया था तभी लीक हो गया था। इस दौरान एजेंसी के दो कर्मचारियों ने पेपर की फोटों खींच ली थी।

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में पेपर मानेसर के प्रिंटिंग प्रेस से लीक किए गए थे। जेएसएससी ने परीक्षा संचालन एजेंसी आईसीएन को प्रश्न पत्र सेट करने, उनकी प्रिंटिंग, ओएमआर शीट की छपाई और पैकिंग का काम दिया था। आईसीएन के दो कर्मी राहुल कुमार और समीर कुमार ने हरियाणा के मानेसर प्लांट जाकर सारे प्रश्न मोबाइल में खींचे थे। इसके बाद व्हाट्सऐप के जरिए उसे अन्य लोगों को भेजा गया था। सीआईडी ने जांच के दौरान पाया है कि राहुल और समीर की मौजूदगी मानेसर में थी। उनके लोकेशन के साथ-साथ प्रिंटिंग प्रेस की उपस्थिति पंजी में भी दोनों के मोबाइल नंबर दर्ज हैं। सीआईडी ने साक्ष्य के तौर पर प्रिंटिंग प्रेस की पंजी भी जब्त की है। सीआईडी ने जांच में पाया है कि आईसीएन से जुड़े समीर ने खुद भी परीक्षा दी। इसके बाद वह सीजीएल से एएसओ के पद पर बहाल हुआ। जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों कर्मी प्रिंटिंग प्रेस में छपाई, सुपरविजन से लेकर पैकेजिंग में सीधे तौर पर शामिल थे।
बैंक खातों में लेन-देन की भी जांच
समीर से जुड़े बैंक खातों की पड़ताल के दौरान वित्तीय अनियमितताओं के सबूत मिले हैं। उसके खातों में यूपीआई के जरिए 98,000 रुपये और 30,000 रुपये के लेन-देन दर्ज पाए गए हैं। इस पूरे फर्जीवाड़े का सबसे गंभीर पहलू यह है कि प्रिंटिंग प्रेस में पहुंच का अनुचित लाभ उठाते हुए और प्रश्नों व उत्तरों को पहले से याद करके समीर परीक्षा में शामिल हुआ और असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण पद पर उसका चयन हो गया।
क्या थी समीर की भूमिका
प्रश्न डिजाइनिंग प्रक्रिया के दौरान समीर की पहुंच सीधे प्रश्नों और उत्तरों तक थी। उसने परीक्षा आयोजित होने से पहले ही इन प्रश्नों और उत्तरों को कंठस्थ कर लिया था। डिजिटल साक्ष्यों की जांच से पता चला है कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों और सहयोगियों के साथ समीर ने दिल्ली से रांची की यात्रा की थी। सीआईडी को मिले ट्रैवलिंग रिकॉर्ड के मुताबिक, समीर और अन्य लोगों के हवाई टिकटों का भुगतान सह-अभियुक्त सोमांश प्रकाश के माध्यम से ही की गई थी।
जानिए कैसे मिले साक्ष्य
सीडीआर ने डिजिटल व दस्तावेजी सबूत हासिल किए हैं। प्रिंटिंग प्रेस के फैक्ट्री रजिस्टर में राहुल की इंट्री के साथ-साथ उसका मोबाइल नंबर भी दर्ज है। जिस दिन राहुल की मौजूदगी मानेसर में थी, उस दिन का टावर लोकेशन व सीडीआर भी सीआईडी ने निकाला है। जांच में यह बात सामने आई है कि राहुल ने अपने मोबाइल में प्रश्न पत्र खींचे, इसके बाद व्हाट्सऐप फॉरवर्ड के जरिए अन्य लोगों को भेजा।
एक ही फ्लैट में रहते थे सोमांश और राहुल
सीआईडी ने आईसीएन के एक निदेशक सोमांश प्रकाश के साथ-साथ राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया था। सोमांश व राहुल दिल्ली में एक ही फ्लैट में रहते थे। राहुल के ही जरिए प्रश्नपत्र मिथिलेश सिंह, सानंद प्रकाश, नवीन किशोर समेत अन्य आरोपियों को मिले थे।

